द मिलेनियम स्कूल कुरुक्षेत्र में सत्रारंभ यज्ञ करवाया गया। सभी छात्रों ने यज्ञ में डाली आहूति

द मिलेनियम स्कूल कुरुक्षेत्र में सत्रारंभ यज्ञ करवाया गया। सभी छात्रों ने यज्ञ में डाली आहूति

द मिलेनियम स्कूल कुरुक्षेत्र में नित नए प्रयोगों और शिक्षण विधियों के माध्यम से छात्रों को नवीन ज्ञान से परिचित करवाने के लिए जाना जाता है। इसी के साथ यहाँ छात्रों को अनेक गतिविधियों के द्वारा विभिन्न सामाजिक परम्पराओं से जोड़े रखने का प्रयास भी करता रहता है। इस कड़ी में एक कदम आगे बढ़ाते हुए विद्यालय में सत्रारंभ यज्ञ करवाया गया।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ० अजय कुमार सिंह स्टाफ एवं समस्त विद्यार्थियों के साथ इस यज्ञ का हिस्सा बने। गौरतलब है कि मिलेनियम स्कूल कुरुक्षेत्र में हर वर्ष सत्र के आरंभ में यह यज्ञ किया जाता है लेकिन इस बार हर कक्षा के प्रत्येक छात्र को इस परंपरा का साक्षी बनाया गया। इस बार प्राचार्य एवं अध्यापकों के साथ सभी विद्यार्थियों ने हवन में आहूति डालकर सत्र के निर्विघ्न पूर्णता की कामना की। इस प्रकार सत्र के प्रथम दिवस में यज्ञ की समिधाओं की सुगंधियों की मधुरिमा छाई रही।
यज्ञ के आचार्य अविनेश शास्त्री ने बताया कि विद्यालय में विशेष अवसरों पर विशेष गतिविधियाँ संपादित होती रहती हैं। द मिलेनियम स्कूल कुरुक्षेत्र सांस्कृतिक परंपराओं का निर्वाह करते हुए छात्रों को भारतीय संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों से जोड़े रखने में पूर्णत: सक्षम है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ० अजय कुमार सिंह ने कहा कि यज्ञ इस संसार का श्रेष्ठतम कर्म है। यह हमारी परम्पराओं का अभिन्न हिस्सा है। हमें अपनी परम्पराओं और भारतीय संस्कृति से जुड़े रहने का हर संभव प्रयास करना चाहिए।

Date: 
Wednesday, April 6, 2022